इंदौर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा के निवास पर जाकर उनकी पत्नी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, इस दौरान वे कुछ समय तक परिवार के साथ रहे और दुख की इस घड़ी में सांत्वना दी।
इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर सवाल खड़े किए, उन्होंने कहा कि पहले जब अमेरिका का सातवां बेड़ा भारत की ओर बढ़ा था, तब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उसे स्पष्ट रूप से मना कर दिया था, लेकिन आज की स्थिति में यह स्पष्ट नहीं है कि केंद्र सरकार किसके साथ खड़ी है, कभी इजरायल तो कभी चीन के साथ नजर आती है।
उन्होंने आगे कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं और ऐसे हालात में युद्ध जैसी परिस्थितियां बनती हैं, जिससे ध्यान भटकाया जा सके, साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों और युद्ध की स्थितियों के बीच बड़ा खेल चल रहा है, जब समझौते की बात होती है तो कीमतें गिरती हैं और जैसे ही तनाव बढ़ता है, कीमतें बढ़ जाती हैं, जिससे अमेरिका और इजरायल जैसे देश आर्थिक लाभ उठाते हैं।

