बैतूल। भीषण गर्मी में जहां लोग ठंडी हवा की तलाश में एसी और कूलर का सहारा ले रहे हैं, वहीं खतरनाक जीव भी अब ठंडक की तलाश में घरों के अंदर पहुंचने लगे हैं, बैतूल से सामने आई यह घटना किसी को भी चौंका सकती है।
बैतूल की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक घर के किचन में रखे फ्रिज के नीचे बकेट में खतरनाक रसेल वाइपर सांप आराम करता हुआ मिला, जैसे ही परिवार की नजर उस पर पड़ी, घर में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि रसेल वाइपर दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है, ऐसे में घर के अंदर उसकी मौजूदगी ने सभी के होश उड़ा दिए, बिना देर किए सर्पमित्र को मौके पर बुलाया गया।
सर्पमित्र ने कड़ी मशक्कत के बाद इस जहरीले सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली, इस घटना के बाद लोगों को सावधान रहने की सलाह दी जा रही है कि गर्मी के मौसम में किचन, फ्रिज और घर के कोनों की जांच जरूर करें, क्योंकि ठंडक की तलाश में ऐसे खतरनाक मेहमान कभी भी पहुंच सकते हैं।

