उज्जैन। शहर में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने आनंद नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 71 किलो पनीर जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई जा रही है।
पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने के बाद विभाग ने इसके नमूने लिए हैं और जांच रिपोर्ट आने तक पूरे पनीर को सुरक्षित रखवा दिया गया है। अब प्रयोगशाला जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि पनीर शुद्ध है या इसमें किसी तरह की मिलावट की गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि इन दिनों विभाग का विशेष फोकस एनालॉग पनीर और एनालॉग मावा की जांच पर है। इसी के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है और उनके सैंपल लिए जा रहे हैं।
विभाग की टीम रेस्टोरेंट और दूसरे खाद्य प्रतिष्ठानों से भी पनीर के नमूने ले रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि बाजार और खाद्य प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल किया जा रहा पनीर वास्तव में शुद्ध है या उसमें किसी दूसरे वसा पदार्थ का इस्तेमाल किया गया है।
अधिकारी के मुताबिक एनालॉग पनीर में दूध की प्राकृतिक वसा की जगह वनस्पति वसा या पाम ऑयल जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि केवल देखकर या सूंघकर यह तय करना संभव नहीं है कि पनीर एनालॉग है या असली। इसकी सही जानकारी प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए मिलावट के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

