भोपाल। मध्यप्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 1 अप्रैल से ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के साथ होने जा रही है, जो 4 अप्रैल तक चार दिनों तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा, इस दौरान करीब 92 हजार सरकारी स्कूलों में प्रवेशोत्सव, नामांकन अभियान, खेल-कूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बाल सभाओं जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अभियान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी शामिल होंगे, जहां छात्रों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, साइकिल और अन्य जरूरी सामग्री वितरित की जाएगी, वहीं सरकार का उद्देश्य इस अभियान को उत्सव के रूप में मनाकर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत जिला और शाला स्तर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे, साथ ही बच्चों और उनके अभिभावकों का स्वागत कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा, पहली से आठवीं तक के स्कूलों में बाल सभाएं और विशेष भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
दूसरे दिन ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम के तहत समाज के प्रतिष्ठित लोग, खिलाड़ी, कलाकार और अधिकारी स्कूल पहुंचकर बच्चों से संवाद करेंगे और उन्हें पढ़ाई के महत्व के बारे में प्रेरित करेंगे, साथ ही विद्यार्थियों को उपयोगी सामग्री भी भेंट की जा सकेगी।
तीसरे दिन सांस्कृतिक और खेल-कूद गतिविधियों के जरिए बच्चों और अभिभावकों को स्कूल से जोड़ने की पहल की जाएगी, जिसमें अच्छी उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को सम्मानित भी किया जाएगा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
चौथे दिन ऐसे छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जो किसी कारणवश पिछड़ गए हैं, उनके अभिभावकों को समझाइश दी जाएगी कि असफलता के बाद भी प्रयास जारी रखकर बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है, साथ ही शाला प्रबंधन समिति की बैठक में सभी बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन की रणनीति पर चर्चा होगी।

