MP में 126 अस्पतालों की आयुष्मान मान्यता खत्म, मुफ्त इलाज पर असर

भोपाल। मध्यप्रदेश में मुफ्त इलाज पाने वाले मरीजों के लिए बड़ी खबर सामने आई है, राज्य के 126 अस्पतालों की आयुष्मान योजना के तहत मान्यता खत्म कर दी गई है, जिससे अब इन अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा बंद हो गई है और हजारों मरीजों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।

जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा असर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में देखने को मिला है, जहां कुल 398 अस्पतालों में से 126 अस्पताल इस फैसले से प्रभावित हुए हैं, इनमें भोपाल के 51, इंदौर के 30, ग्वालियर के 33 और जबलपुर के 12 अस्पताल शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि इन अस्पतालों के पास National Accreditation Board for Hospitals and Healthcare Providers यानी NABH का सर्टिफिकेट नहीं होने के कारण उनकी मान्यता समाप्त की गई है, जिसके चलते अब इन अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत फ्री इलाज नहीं मिल पाएगा।

सरकार के नए नियमों के अनुसार अब अस्पतालों को उनकी गुणवत्ता के आधार पर भुगतान किया जाएगा, जिन अस्पतालों के पास फुल NABH सर्टिफिकेशन है उन्हें “डीम्ड इंपैनलमेंट” का लाभ मिलेगा, वहीं एंट्री लेवल NABH अस्पतालों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त भुगतान दिया जाएगा और मरीजों के फीडबैक के आधार पर उनकी निगरानी भी की जाएगी।

दरअसल NABH सर्टिफिकेट अस्पतालों की गुणवत्ता और सुरक्षा का अहम पैमाना माना जाता है, इसमें 600 से ज्यादा मानकों पर जांच की जाती है जिसमें साफ-सफाई, मरीजों की सुरक्षा, दवाओं की उपलब्धता, नर्सिंग स्टाफ और इमरजेंसी सेवाएं शामिल होती हैं, सरकार का मानना है कि इससे मरीजों को सुरक्षित और भरोसेमंद इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *