भोपाल। मध्यप्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और साफ निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए, बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।
बैठक में तय किया गया कि इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में 10 अप्रैल से गेहूं खरीदी शुरू होगी, जबकि बाकी जिलों में 15 अप्रैल से उपार्जन प्रक्रिया शुरू की जाएगी, बता दें कि पहले भी खरीदी की तारीख दो बार बढ़ाई जा चुकी है।
सरकार ने इस बार 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए बारदाने की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हर खरीदी केंद्र पर जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट कहा कि पूरी प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी होनी चाहिए, किसानों को समय पर भुगतान मिले और किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार रहेगा।

