भोपाल। भोपाल की मध्य विधानसभा सीट पर एक बार फिर ‘वंदे मातरम’ को लेकर सियासी तकरार तेज हो गई है, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने शाहपुरा में विकास कार्यों के भूमिपूजन के दौरान मौजूदा विधायक आरिफ मसूद पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि अगला विधायक वही होना चाहिए जिसे वंदे मातरम गाने से कोई परहेज न हो।
जनसभा को संबोधित करते हुए सूर्यवंशी ने बिना नाम लिए विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि कुछ नेता वोट की राजनीति के लिए दिखावा करते हैं, जनता के बीच जाते समय तिलक लगवाते हैं, आरती करते हैं और धार्मिक प्रतीकों का सहारा लेते हैं, लेकिन विधायक बनने के बाद उनकी निष्ठा बदल जाती है और वे राष्ट्रगान जैसे ‘वंदे मातरम’ गाने से भी पीछे हट जाते हैं।
उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सिर्फ चुनावी भक्ति है, असली सोच तब सामने आती है जब जिम्मेदारी मिलती है, ऐसे में जनता को सतर्क रहने की जरूरत है।
सूर्यवंशी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगली बार मध्य विधानसभा का प्रतिनिधि चुनते समय ऐसे व्यक्ति को मौका दें जो राष्ट्रवाद की विचारधारा को सर्वोपरि रखे और देश के सम्मान से जुड़े प्रतीकों का आदर करे।

