भोपाल। मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी को लेकर सियासत तेज हो गई है, कांग्रेस ने किसानों के मुद्दे को लेकर 9 अप्रैल को पूरे प्रदेश में कलेक्टर कार्यालयों के घेराव का ऐलान किया है, वहीं बीजेपी ने सरकार की व्यवस्थाओं को किसानों के लिए बेहतर बताया है।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने कहा कि पार्टी आमजन, किसानों और आदिवासी वर्ग की आवाज उठाती रहेगी, उन्होंने कहा कि किसान मंडियों में भटक रहा है और उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही, ऐसे में 9 अप्रैल से प्रदेशभर में गली-मोहल्लों से लेकर चौपाल तक आंदोलन किया जाएगा और किसानों के हक की लड़ाई जारी रहेगी।
कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो वादे पहले किए गए थे, वे पूरे नहीं हो रहे और किसान अपने अधिकार के लिए संघर्ष कर रहा है, इसलिए अब सड़कों पर उतरकर आवाज बुलंद की जाएगी।
वहीं बीजेपी नेता रजनीश अग्रवाल ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी सिर्फ लोगों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है, उन्होंने दावा किया कि सरकार किसानों के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है और गेहूं खरीदी की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं।
बीजेपी ने यह भी कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी से पहले बारदाने की कमी को दूर कर लिया गया है और केंद्र सरकार से अतिरिक्त जूट बैग का आवंटन भी मिल चुका है, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, सरकार ने परिस्थितियों के हिसाब से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की है।

