पीपा पुल टूटा तो सियासत गरम, अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला

लखनऊ. मिर्जापुर में उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद पीपा पुल के क्षतिग्रस्त होने पर सियासत तेज हो गई है, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर करारा तंज कसते हुए कई तीखे सवाल खड़े किए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता पूछ रही है कि आखिर भाजपा सरकार में उद्घाटन के फूल सूखने से पहले ही सड़कें क्यों धंस जाती हैं, पुल क्यों टूट जाते हैं, हाईवे क्यों जवाब दे देते हैं और टंकियां तक क्यों गिर जाती हैं, उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है।

दरअसल गंगा नदी पर बना यह पीपा पुल नेवढ़िया घाट को गेगराव घाट से जोड़ता है, जिससे भदोही और मिर्जापुर के कई गांवों का आवागमन जुड़ा हुआ था, लेकिन उद्घाटन के महज कुछ दिनों बाद ही यह पुल तेज आंधी में क्षतिग्रस्त हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से बना यह पुल तेज हवा भी नहीं झेल पाया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आवागमन प्रभावित हो गया है।

वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि तेज आंधी और पानी के बहाव के कारण पुल को नुकसान पहुंचा है, फिलहाल मरम्मत का काम जारी है और जल्द ही इसे फिर से चालू करने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *