भोपाल से उड़कर पाकिस्तान पहुंचा गिद्ध, 1000 KM से ज्यादा सफर ने बढ़ाई चिंता

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से छोड़ा गया एक गिद्ध उड़ते-उड़ते पाकिस्तान पहुंच गया, जिसने 7 दिनों में 1000 किलोमीटर से ज्यादा का लंबा सफर तय कर सभी को हैरान कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक यह गिद्ध पहले घायल अवस्था में मिला था, जिसका इलाज करने के बाद 30 मार्च को हलाली डैम क्षेत्र से प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया था, यह गिद्ध वन विहार नेशनल पार्क की निगरानी में था।

रिलीज के बाद यह गिद्ध उड़ते हुए राजस्थान पहुंचा और वहीं से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पाकिस्तान में दाखिल हो गया।

7 अप्रैल को अचानक इसका GPS सिग्नल बंद हो गया, जिससे अधिकारियों की चिंता बढ़ गई और तुरंत World Wide Fund for Nature को इसकी जानकारी दी गई।

इसके बाद WWF के जरिए पाकिस्तान की टीम से संपर्क किया गया, जहां खानेवाल इलाके में स्थानीय लोगों की मदद से गिद्ध को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

फिलहाल गिद्ध को पाकिस्तान के रेस्क्यू सेंटर में रखा गया है, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *