ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जहां चंद सेकंड की चूक महिला यात्री की जान ले सकती थी।
घटना प्लेटफॉर्म नंबर 4 की है, जब Grand Trunk Express आगरा की ओर रवाना हो रही थी, उसी दौरान ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही एक महिला का पैर अचानक फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म और चलती ट्रेन के बीच फंस गई।
उस समय हालात बेहद खतरनाक थे और किसी भी पल बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन मौके पर तैनात RPF सिपाही जितेंद्र सिंह ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बिना देर किए महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
महिला की पहचान सुनीता के रूप में हुई है, जो आगरा जा रही थीं, यह पूरी घटना रात करीब 12 बजकर 17 मिनट की बताई जा रही है और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
रेलवे अधिकारियों ने RPF जवान की बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना की है, उनकी सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की गई है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

