निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के सेंदरी थाना क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है, जहां प्रेम प्रसंग का अंत एक खौफनाक मर्डर-सुसाइड में हुआ। पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया के मुताबिक कॉल डिटेल और जांच में सामने आया है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, जबकि युवक पहले से शादीशुदा था और युवती की भी जल्द ही कहीं और शादी होने वाली थी।
दरअसल, सेंदरी थाना क्षेत्र के एमपी-यूपी बॉर्डर स्थित पूछा की पहाड़ी ठिमरपुरा इलाके में रविवार को एक युवती का गला कटा शव मिला था, जबकि उससे करीब 60 फीट दूर पेड़ पर फांसी के फंदे पर एक युवक का शव लटका मिला। मृतक युवक की पहचान हरेंद्र केवट के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के टहरौली क्षेत्र का निवासी था।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को खाने-पीने का सामान और एक धारदार हथियार भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पहले युवक ने युवती की धारदार हथियार से हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, युवती के परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे थे, जबकि युवक पहले से शादीशुदा होने के बावजूद उसके साथ संबंध में था। घटना से एक दिन पहले युवती घर से किसी काम का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को दोनों तक पहुंचने में मदद मिली और दोनों के शव पहाड़ी पर मिले।
पुलिस का मानना है कि संभवतः युवती युवक पर शादी का दबाव बना रही थी और युवक इसके लिए तैयार नहीं था, जिसके चलते गुस्से में आकर उसने पहले युवती की हत्या की और फिर खुद अपनी जान दे दी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और जांच जारी है, जिसके बाद ही पूरे मामले की सच्चाई पूरी तरह सामने आ पाएगी।

