भव्य-दिव्य बनेगा ‘श्री परशुराम-श्री कृष्ण लोक’… सीएम मोहन का बड़ा ऐलान

भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव कुटी में आयोजित प्रकटोत्सव कार्यक्रम में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में ‘श्री परशुराम-श्री कृष्ण लोक’ का निर्माण किया जाएगा, जिसे 17 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की लागत से भव्य और दिव्य रूप दिया जाएगा, ताकि यह स्थान विश्वभर में एक विशेष पहचान बना सके और यहां आने वाले श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भगवान परशुराम के जीवन से प्रेरणा ले सकें, साथ ही यहां आकर पुण्य भी अर्जित करें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और कहा कि भगवान परशुराम का जीवन आस्था, श्रद्धा, विश्वास और सनातन संस्कृति का प्रतीक रहा है, उन्होंने हर युग में अन्याय और अधर्म के खिलाफ संघर्ष किया और शस्त्र व शास्त्र दोनों के महान ज्ञाता रहे, उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणादायक है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि भगवान परशुराम का योगदान भगवान राम और भगवान कृष्ण दोनों के काल में महत्वपूर्ण रहा है, उन्होंने भीष्म पितामह, द्रोणाचार्य और कर्ण जैसे महान योद्धाओं को शिक्षा दी और दिव्य अस्त्रों का ज्ञान प्रदान किया, भगवान श्रीकृष्ण ने भी कठिन परिस्थितियों में भगवान परशुराम के आशीर्वाद और सुदर्शन चक्र की शक्ति का उपयोग कर असंभव को संभव बनाया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है, सड़क, बांध, पुल, नहर, सिंचाई, अस्पताल और स्कूलों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है और शिक्षा को भी भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी अपने संस्कार और परंपरा से जुड़ी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *