शहडोल। जिले के धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया, जहां एक शातिर चोर घायल मरीज बनकर 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा और कुछ ही देर में ANM की स्कूटी चोरी कर मौके से फरार हो गया, इस पूरी वारदात ने अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों को सन्न कर दिया
बताया जा रहा है कि अस्पताल में पदस्थ एएनएम संगीता सिंह ने अपनी स्कूटी पार्किंग में खड़ी की थी, लेकिन कुछ समय बाद स्कूटी अचानक गायब हो गई, जिसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो सच्चाई सामने आई और सभी दंग रह गए
फुटेज में दिखा कि 108 एंबुलेंस अस्पताल पहुंचती है, जिसमें तीन लोग सवार थे, इनमें से एक युवक लंगड़ाते हुए नीचे उतरता है और मेडिकल स्टाफ से इलाज की बात करता है, जिससे वह पूरी तरह एक घायल मरीज जैसा नजर आता है, लेकिन कुछ ही देर बाद वही युवक सामान्य तरीके से चलता हुआ बाहर निकलता है और सीधे पार्किंग में पहुंचकर स्कूटी स्टार्ट कर फरार हो जाता है
इस दौरान एंबुलेंस चालक और उसके साथी भी मौके से निकल जाते हैं, पूरी घटना कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस हरकत में आई और एएनएम की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने खुद को एक्सीडेंट पीड़ित बताकर एंबुलेंस बुलवाई थी और इलाज के बहाने अस्पताल पहुंचा था, वहीं 108 एंबुलेंस चालक की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं

