भोपाल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है, जहां मध्यान्ह भोजन में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों को चेतावनी दी है और कुपोषित बच्चों को तुरंत एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश दिए हैं
कलेक्टर ने शाहपुर क्षेत्र के ग्राम निशान और पाठई का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया, इस दौरान आंगनबाड़ी में मध्यान्ह भोजन में सब्जी नहीं मिलने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और साफ कहा कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
निरीक्षण के दौरान तीन गंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती न किए जाने पर कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, वहीं राशन दुकान में स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर फूड इंस्पेक्टर और समिति प्रबंधक को नोटिस जारी करने के आदेश भी दिए गए
इसके अलावा खाद्यान्न पर्ची के लंबित आवेदनों को लेकर पंचायत सचिव को भी नोटिस देने के निर्देश दिए गए, साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका बढ़ाने और उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग के लिए दिशा-निर्देश दिए गए
कलेक्टर के इस सख्त रुख से साफ संकेत मिल रहे हैं कि अब योजनाओं में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगी और प्रशासन जमीनी स्तर पर सुधार के लिए पूरी तरह सक्रिय हो चुका है

