भोपाल। मध्यप्रदेश में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के खाली पड़े पदों को भरने के लिए जुलाई 2026 में उपचुनाव कराए जाएंगे, राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी तैयारी शुरू करते हुए फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है
आयोग ने इस बार 1 जनवरी 2026 को आधार तिथि मानते हुए मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण करने का फैसला लिया है, पूरी प्रक्रिया के बाद 18 जून 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी और इसी के आधार पर जुलाई में चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
ये उपचुनाव उन पदों के लिए होंगे जो 31 मार्च 2026 तक किसी कारणवश रिक्त हुए हैं, जिनमें आगर मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद के अध्यक्ष का प्रत्यक्ष चुनाव भी शामिल है, इसके साथ ही 15 पार्षद, 3 जिला पंचायत सदस्य, 12 जनपद पंचायत सदस्य, 65 सरपंच और 3200 पंच पदों पर मतदान कराया जाएगा
कुल मिलाकर 3851 पदों पर चुनाव होने हैं, जिनको लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेजी से चल रही हैं, राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से नए युवा मतदाताओं और पात्र लोगों के नाम जोड़े जाएंगे, जिससे चुनाव प्रक्रिया और ज्यादा पारदर्शी और व्यापक बन सके
आयोग ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पुनरीक्षण का काम तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया बिना किसी बाधा के समय पर संपन्न हो सके

