खाकी हुई शर्मसार: नशे में धुत ASI के वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बासाहेडा चौकी में तैनात एएसआई का नशे में धुत हाल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एएसआई जगदीश जाटव इस कदर नशे में नजर आए कि उन्हें यह तक होश नहीं रहा कि वे चौकी में हैं या किसी कमरे में आराम कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि जब कुछ ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर चौकी पहुंचे, तो एएसआई ने उनकी बात सुनने के बजाय नशे में ही उन्हें अनदेखा कर दिया और अपनी ही धुन में मस्त रहे।

इतना ही नहीं, एक और वीडियो में वे अर्धनग्न हालत में जमीन पर लेटे दिखाई दिए, जिससे वर्दी की मर्यादा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोप लगाए कि इलाके में सक्रिय नशा तस्करों को भी पुलिस का संरक्षण मिल रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग हरकत में आया और एसपी हितिका वासल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

फिलहाल यह घटना पुलिस की कार्यशैली और अनुशासन पर एक बड़ा सवाल बनकर खड़ी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *