पेट्रोल के विवाद ने ली पिता की जान, बेटे ने गुस्से में किया खौफनाक वार

गुना। जिले के म्याना थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली

मृतक की पहचान सागोरिया गांव निवासी 48 वर्षीय रमेश जाटव के रूप में हुई है, जो अपने भांजे की शादी में जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने बेटे से बाइक मांगी और यहीं से विवाद की शुरुआत हो गई

बताया जा रहा है कि बेटे ने बाइक देने से इनकार करते हुए कहा कि उसने खुद पेट्रोल डलवाया है, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई, पिता ने बेटे को समझाने की कोशिश की लेकिन गुस्से में हालात बिगड़ते चले गए

आरोप है कि बेटे ने आपा खोते हुए लोहे की गैती उठाई और पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे रमेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े

घटना के बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया और परिवार में मातम पसर गया

पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है, इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती संवेदनहीनता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *