नाला बना काल: खुले चैंबर में गिरी बुजुर्ग महिला, नगर निगम की लापरवाही उजागर

ग्वालियर। थाटीपुर थाना क्षेत्र के विवेक आनंद चौराहे पर एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां नगर निगम की लापरवाही एक बुजुर्ग महिला के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची।

बताया जा रहा है कि महिला अपने घर के पास से गुजर रही थी, तभी सड़क पर बने एक नवनिर्मित खुले चैंबर पर उनका पैर पड़ गया और वे अचानक उसमें गिर गईं, चैंबर की गहराई ज्यादा होने के कारण महिला पूरी तरह उसमें फंस गई और बाहर नहीं निकल सकीं।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद थाटीपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान चैंबर का मुंह संकरा होने और महिला के घायल होने के कारण टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन आखिरकार स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हालांकि इस हादसे में महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला, लोगों का कहना है कि खुले चैंबर छोड़ना प्रशासन की बड़ी लापरवाही है, जो कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

रहवासियों ने मांग की है कि क्षेत्र में बने सभी खुले चैंबरों को जल्द से जल्द ढका जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *