भोपाल। भोपाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनुआभान टेकरी पर घूमने गए एक पत्रकार और उनकी महिला मित्र के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि तीन बदमाशों ने कपल को चाकू की नोक पर धमकाकर लूटपाट की और विरोध करने पर युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना कोहेफिजा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात की बताई जा रही है।
पीड़ित हर्ष शर्मा पेशे से पत्रकार हैं। वह गुरुवार रात अपनी महिला मित्र के साथ मनुआभान टेकरी पर घूमने गए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और चाकू की नोक पर धमकाते हुए लूटपाट शुरू कर दी।
बदमाशों ने युवक से उसका iPhone-15 छीन लिया, जबकि युवती के गले से सोने की चेन और कानों के टॉप्स उतरवा लिए। लूटपाट के दौरान जब युवक ने विरोध किया तो बदमाशों ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें भी गठित की गई हैं। पुलिस अब मनुआभान टेकरी और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
राजधानी भोपाल के प्रमुख पर्यटन स्थल पर इस तरह चाकू की नोक पर लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी और अन्य सुरागों के जरिए आरोपियों तक कितनी जल्दी पहुंचती है।

