भोपाल। राजधानी में एक कॉलेज छात्रा से जुड़े गंभीर आरोपों के मामले ने तूल पकड़ लिया है, जहां कथित दुष्कर्म, पहचान छिपाने और ब्लैकमेलिंग जैसे आरोपों के बीच ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी खुलकर पीड़िता के समर्थन में सामने आई है।
कमेटी के प्रतिनिधियों ने पीड़िता से मुलाकात कर उसे हरसंभव मदद का भरोसा दिया और साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सीएम हाउस का घेराव किया जाएगा।
कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि मामला बेहद संवेदनशील है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है, उन्होंने मांग की कि जो भी दोषी हो, उसे कानून के तहत सख्त सजा मिलनी चाहिए।
पीड़िता ने अपने सहपाठी पर आरोप लगाया है कि उसने नाम और पहचान छिपाकर उससे संबंध बनाए, फिर ब्लैकमेल किया और शारीरिक शोषण किया, सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी ने शादी से भी इनकार कर दिया।
छात्रा ने आरोपी के दो साथियों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पीड़िता का कहना है कि वह तीन माह की गर्भवती है और उसने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही और समझौते का दबाव बनाने के आरोप भी लगाए हैं।
उसने यह भी दावा किया कि आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया गया, जिससे उसका भरोसा पुलिस पर कमजोर हुआ है और उसने प्रशासन से सुरक्षा, न्याय और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इस पूरे मामले को लेकर शहर में सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है और सभी की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

