उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, यानी मुगलसराय के नियमताबाद विकासखंड सभागार में मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक की, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, इस दौरान मंत्री ने आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि वे कार्यकर्ताओं के सहयोग और जनता के विश्वास की बदौलत ही इस मुकाम तक पहुंचे हैं, उन्होंने नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़ को जनता के भरोसे का प्रतीक बताया और कहा कि पार्टी की रणनीति साफ है, लगातार जनता के बीच रहकर काम करना ही जीत की कुंजी है।
उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से पार्टी एक बार फिर भारी मतों से जीत हासिल करेगी, साथ ही एक दिवसीय कार्यशाला के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें 1 मई को वाराणसी में होने वाली महारैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी भी सौंपी।
डॉ. निषाद ने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज का वोट बैंक बेहद अहम है और ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में जुट जाना चाहिए, उन्होंने साफ कहा कि संगठन की मजबूती ही जीत की गारंटी है।
वहीं गाजीपुर की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच जारी है, इसलिए लोगों को न्यायपालिका पर भरोसा रखना चाहिए, साथ ही पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने एनडीए की बढ़त का दावा किया और कहा कि भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर लोग लगातार जुड़ रहे हैं।

