Bihar Elections 2025: शिवराज सिंह चौहान का महागठबंधन पर तीखा वार – “यह भस्मासुर है, बिहारवासियों इससे बचकर रहना”

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल हर दिन और गरमाता जा रहा है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोपालगंज के बैकुंठपुर में महागठबंधन पर जोरदार हमला बोला। जनसभा में जोश से लबरेज भीड़ को संबोधित करते हुए शिवराज ने कहा — “महागठबंधन कोई गठबंधन नहीं, यह महाठगबंधन है… यह भस्मासुर है, जो जिसको छूता है उसे खत्म कर देता है। बिहारवासियों, इनसे बचकर रहना।”

शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा — “आज बिहार के बैकुंठपुर आने का सौभाग्य मिला। यहां विकास की बयार बह रही है। भारतीय जनता पार्टी और NDA की लहर पूरे राज्य में चल रही है। जनता एकजुट होकर NDA के साथ खड़ी है।” उन्होंने कहा कि बिहार में अब जंगलराज नहीं, बल्कि मंगलराज की चाहत है।

मीडिया से बातचीत में शिवराज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा — “महागठबंधन वाले बिहार को फिर से अपराध और भय की राजनीति में झोंकना चाहते हैं। वे बिहार को क्राइम स्टेट बनाना चाहते हैं, जबकि हम बिहार को प्राइम स्टेट बना रहे हैं। बहनें, माताएं और युवा आज NDA के साथ खड़े हैं क्योंकि वे जानते हैं कि विकास और सुरक्षा सिर्फ मोदी-नीतीश के नेतृत्व में संभव है।”

बिहार में भाजपा नेताओं का प्रचार अब पूरे शबाब पर है। गोरखपुर से भाजपा सांसद और भोजपुरी स्टार रवि किशन भी आज पटना पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा — “विकास के साथ धर्म को जानना भी जरूरी है। बिहार की जनता अब समझ चुकी है कि महागठबंधन का धरातल पर कोई वजूद नहीं है। बिहार का ऊर्जावान विकास तभी संभव है जब केंद्र से बड़ा पैकेज आएगा, और वो तभी आएगा जब NDA की सरकार बनेगी।”

रवि किशन ने आगे कहा — “मैं एक नए, भव्य और विकसित बिहार को देख रहा हूं… आने वाले चुनाव में NDA ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा, क्योंकि जनता अब तय कर चुकी है — विकास ही बिहार की असली पहचान बनेगी।”

बैकुंठपुर की इस सभा में जोश, नारों और उम्मीदों का माहौल साफ था — और एक बात बिल्कुल स्पष्ट हो गई है, बिहार की सियासी जंग अब पूरी तरह अपने चरम पर पहुंच चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *