राहुल-अखिलेश ने संविधान और आरक्षण पर फैलाया भ्रम? केशव मौर्य का बड़ा हमला, बोले- 2027 में यूपी से साफ हो जाएगी सपा-कांग्रेस

लखनऊ.उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान और आरक्षण खत्म होने का झूठा प्रचार कर जनता को गुमराह करने का काम किया।

केशव मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी ने चुनाव में “संविधान और आरक्षण खतरे में है” जैसे मुद्दों को लेकर झूठा ढिंढोरा पीटा और लोगों के बीच भ्रम फैलाया। उन्होंने इसे जनता को गुमराह करने का “महापाप” बताया।

डिप्टी सीएम ने दावा किया कि अगर यह दुष्प्रचार नहीं किया गया होता तो उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का खाता तक खुलना मुश्किल हो जाता। उन्होंने कहा कि अब जनता दोनों दलों की राजनीति और असली चेहरा समझ चुकी है।

केशव मौर्य ने आगे कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता सपा और कांग्रेस को पूरी तरह जवाब देगी और प्रदेश “कांग्रेस-सपा मुक्त” होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूपी में भी “कमल ही कमल” खिलेगा।

उन्होंने हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में भाजपा को जनता का समर्थन मिल रहा है क्योंकि लोग अब भ्रम और झूठ की राजनीति नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ खड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *