पति से कहासुनी के बाद महिला ने बच्चे संग नहर में लगाई छलांग! पति ने जान जोखिम में डालकर दोनों को बचाया, मौके पर मचा हड़कंप

रायबरेली। जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति से नाराज एक महिला ने अपने मासूम बच्चे के साथ शारदा नहर में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि पति ने तुरंत नहर में छलांग लगाकर दोनों की जान बचा ली। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद की और महिला व बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे भोपाल सिंह गांव निवासी मीनू अपने पति के साथ बाइक से मायके जा रही थी। रास्ते में रायबरेली-महाराजगंज रोड पर किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आई महिला ने बाइक रुकवाई और अपने बच्चे को लेकर हरदासपुर के पास शारदा नहर में छलांग लगा दी।

महिला और बच्चे को पानी में गिरता देख पति ने बिना देर किए खुद भी नहर में छलांग लगा दी और दोनों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने भी तुरंत मदद की, जिसके बाद महिला और बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। हालांकि पानी पेट में चले जाने की वजह से दोनों की तबीयत बिगड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद नाराज महिला ने यह कदम उठा लिया। मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *