MP कांग्रेस का ‘प्रोजेक्ट M’ लॉन्च! अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए बनेगी अलग फोर्स, जीतू पटवारी करेंगे शुरुआत, बीजेपी ने कहा- कांग्रेस अब मुस्लिम लीग की राह पर

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए एक नया दांव चला है। पार्टी ने अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के लिए अलग फोर्स तैयार की है, जिसे ‘प्रोजेक्ट M’ नाम दिया गया है। इस प्रोजेक्ट की लॉन्चिंग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी करने जा रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि यह पहल महिलाओं को राजनीति में आगे लाने और उन्हें संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक इस फोर्स में सिर्फ मुस्लिम समाज की महिलाएं ही नहीं बल्कि सभी वर्ग और समाज की महिलाओं को शामिल किया जाएगा। ये महिलाएं केवल रैली और आंदोलनों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को राजनीति से जोड़ने और कांग्रेस की विचारधारा से परिचित कराने का काम भी करेंगी। पार्टी का कहना है कि महिलाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने फिलहाल प्रदेश स्तर पर करीब 160 महिलाओं का समूह तैयार किया है। इन महिलाओं के प्रदर्शन और सक्रियता के आधार पर आगे नगरीय निकाय चुनाव में मौका भी दिया जा सकता है। कांग्रेस का मानना है कि इससे नई महिला नेतृत्व की टीम तैयार होगी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।

हालांकि कांग्रेस के इस नए अभियान पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुस्लिम लीग की सोच पर चल रही है और आने वाले समय में पार्टी पूरी तरह खत्म हो जाएगी। बीजेपी ने इसे वोट बैंक की राजनीति बताते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

अब कांग्रेस का यह ‘प्रोजेक्ट M’ प्रदेश की राजनीति में कितना असर दिखाता है और क्या यह महिला वोटर्स को साधने में सफल हो पाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *