‘बच्चों के झगड़े में खूनी खेल…’ जेठ ने बहू को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, लाठियों से किया हमला, LIVE वीडियो वायरल

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक कलयुगी जेठ ने अपनी ही बहू को बीच सड़क पर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना शाहनगर थाना क्षेत्र की बोरी चौकी अंतर्गत रेंगुवा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक घर के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि परिवार के ही सदस्य आमने-सामने आ गए।

आरोप है कि गुस्से में जेठ ने बहू पर हमला कर दिया और उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन आरोपी लगातार लाठियों से वार करता रहा। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।

इसी बीच किसी राहगीर ने पूरी वारदात का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बोरी चौकी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *