‘तू भी ले ले टिकट…’ अजय सिंह ने अपनी ही पार्टी को सुनाई खरी-खरी, कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर बोले- महत्वाकांक्षा भड़काना बंद करो

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। अपने बेबाक बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने इस बार अपनी ही पार्टी के नेताओं को मंच से नसीहत दे डाली। बालाघाट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अजय सिंह ने कांग्रेस की गुटबाजी और टिकट की राजनीति पर खुलकर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि नेताओं की महत्वाकांक्षाएं जरूरत से ज्यादा बढ़ा दी जाती हैं। मंच से बोलते हुए अजय सिंह ने कहा— “तू भी ले ले टिकट, मैं तुझे टिकट दिला दूंगा…” इसी सोच की वजह से हर विधानसभा में चुनाव आते-आते दर्जनों दावेदार खड़े हो जाते हैं।

अजय सिंह ने कहा कि आखिर में टिकट किसी एक को मिलता है, लेकिन जिन्हें टिकट नहीं मिलता वे पार्टी के खिलाफ ही तलवार तेज करना शुरू कर देते हैं। उन्होंने साफ कहा कि नेताओं को दूसरों की महत्वाकांक्षा भड़काने से बचना चाहिए, क्योंकि इसका नुकसान पार्टी को उठाना पड़ता है।

यहीं नहीं, अजय सिंह ने कांग्रेस संगठन के भीतर बढ़ते मनमुटाव पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी के बड़े नेता अपने कार्यकर्ताओं और साथ काम करने वालों को सही तरीके से समझाते नहीं हैं। इसी वजह से आपसी विवाद बढ़ते जाते हैं और धीरे-धीरे दीमक की तरह संगठन को अंदर से कमजोर कर देते हैं।

अजय सिंह के इस बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उनके बयान को पार्टी की अंदरूनी कलह और गुटबाजी का खुला संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *