ग्वालियर। मध्यप्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई और सख्त पुलिसिंग के बावजूद बदमाशों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं। ग्वालियर से एक तरफ जहां दिनदहाड़े कट्टे की नोक पर दंपती से लूट की वारदात सामने आई है, वहीं दूसरी तरफ इंटरनेशनल साइबर बैंकिंग फ्रॉड गैंग का पाकिस्तान कनेक्शन उजागर होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पहली घटना बिजौली थाना क्षेत्र के सुपावली इलाके की है, जहां एक्टिवा सवार दंपती को चार बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि थाटीपुर इलाके के न्यू आनंद नगर निवासी भूपेंद्र सोनवार अपनी पत्नी अर्चना के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और कट्टे की नोक पर सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने दंपती की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी ओर ग्वालियर के सिटी सेंटर इलाके स्थित होटल हेरिटेज से पकड़े गए साइबर बैंकिंग फ्रॉड गैंग को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का कनेक्शन पाकिस्तान से जुड़ा हुआ है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार एजेंट फर्जी आईडी के सहारे होटल में रुके हुए थे और 10 से 13 प्रतिशत कमीशन के लालच में नर्सिंग स्टूडेंट इस गैंग का हिस्सा बने थे।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से चौंकाने वाली जानकारी मिली। मोबाइल में “बड़े भैया” नाम से सेव नंबर पाकिस्तान के फैसलाबाद में बैठे सरगना का निकला। चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूत भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनसे साफ हो गया है कि साइबर ठगी का यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑपरेट किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

