बाप या जल्लाद! घरेलू विवाद में पिता ने नाबालिग बेटे पर चला दी गोली, 315 रायफल से फायरिंग के बाद इलाके में मचा हड़कंप

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने ही नाबालिग बेटे पर गोली चला दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरा मामला अशोक गार्डन थाना क्षेत्र के एकता पुरी इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक आरोपी पिता ने अपने 16 वर्षीय बेटे राज चौरसिया को निशाना बनाते हुए 315 बोर की रायफल से फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का पत्नी और बच्चों के साथ अक्सर विवाद होता रहता था, लेकिन इस बार घरेलू झगड़ा इतना बढ़ गया कि उसने हिंसक रूप ले लिया।

घटना के दौरान पिता ने गुस्से में बेटे पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी पिता शांति स्वरूप चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से 315 रायफल और फायरिंग में इस्तेमाल हुआ खोखा भी बरामद किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *