PM मोदी की अपील पर मायावती का बड़ा बयान! बोलीं- संकट सिर्फ पेट्रोल-डीजल का नहीं, देश पर गहरा सकता है आर्थिक संकट

लखनऊ. प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने, विदेश यात्राएं कम करने और एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद अब बहुजन समाज पार्टी प्रमुख Mayawati की प्रतिक्रिया सामने आई है। मायावती ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा है कि देश के सामने केवल ऊर्जा संकट ही नहीं, बल्कि आर्थिक संकट भी गहराने की आशंका दिखाई दे रही है।

मायावती ने कहा कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ जारी युद्ध और उसकी अनिश्चित स्थिति के कारण पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार और आर्थिक हालात को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री की ‘संयम बरतने’ वाली अपील इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में देश को बड़े आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि संकट सिर्फ पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस जैसे पेट्रोलियम पदार्थों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका असर करोड़ों भारतीयों के जीवन पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यदि हालात लंबे समय तक बने रहे तो आम जनता की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

मायावती ने आगे कहा कि कोरोना काल के बाद देश की बड़ी आबादी पहले से ही रोजी-रोटी और आर्थिक तंगी से जूझ रही है। ऐसे में गरीब और मेहनतकश लोगों के पास अब ज्यादा त्याग करने या संयम बरतने की गुंजाइश बहुत कम बची है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से अपील करते हुए कहा कि इस कठिन समय में गरीब परिवारों को राहत देने के लिए सरकारों को खुद आगे आकर ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता को कुछ सहारा मिल सके और आर्थिक बोझ कम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *