भोपाल। राजधानी भोपाल के पीरगेट इलाके में तनावपूर्ण माहौल के बीच एडीसीपी शालिनी दीक्षित का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे माइक संभालकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करती नजर आ रही हैं। उन्होंने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, “इंशाअल्लाह अमन-चैन बनाए रखें, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।” इसके बाद धीरे-धीरे हालात शांत होते दिखाई दिए।
दरअसल पूरा मामला 10 मई का बताया जा रहा है, जब गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में एक मुस्लिम युवक को हिंदू युवती के साथ होटल में मिलने पर कुछ लोगों ने पकड़ लिया था। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई और उसका जुलूस भी निकाला गया। घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।
12 मई की रात पुराने भोपाल के पीरगेट इलाके में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पथराव जैसी स्थिति बन गई। स्थिति को काबू में करने के लिए एडीसीपी शालिनी दीक्षित खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने माइक के जरिए लोगों को शांत रहने और कानून पर भरोसा रखने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था। वहीं कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील और शहर काजी ने भी लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अब एडीसीपी शालिनी दीक्षित का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

