महाकाल नगरी में श्रद्धालुओं से मारपीट का आरोप, खराब खाने की शिकायत पर रेस्टोरेंट में मचा बवाल

उज्जैन। उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास गुदरी चौराहा इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में श्रद्धालुओं और स्टाफ के बीच विवाद का मामला सामने आया है। राजस्थान के भीलवाड़ा से महाकाल दर्शन करने पहुंचे एक परिवार ने आरोप लगाया कि उन्हें रेस्टोरेंट में खराब खाना परोसा गया। जब उन्होंने इसकी शिकायत की तो बात बहस से शुरू होकर सड़क पर हंगामे तक पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 11 बजे राजेश काबरा अपने 22 परिजनों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचे थे। परिवार का आरोप है कि शिकायत करने पर रेस्टोरेंट स्टाफ ने अभद्र व्यवहार किया और मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाओं की चीख-पुकार और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। वहीं मारपीट के दौरान सोने के आभूषण गायब होने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।

वहीं रेस्टोरेंट प्रबंधन ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि विवाद की शुरुआत ग्राहकों की ओर से हुई थी और उनकी शिकायत का समाधान करने की कोशिश की गई थी। रेस्टोरेंट मैनेजर मनोज कैप्टन के मुताबिक 22 लोगों का करीब 7 हजार रुपये का बिल बना था।

इस घटना के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *