भोपाल। राजधानी भोपाल में रिटायर्ड महिला जज की बहू ट्विशा की संदिग्ध मौत का मामला अब और ज्यादा गंभीर होता जा रहा है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने पूरे मामले की जांच के लिए 6 सदस्यीय एसआईटी का गठन कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ मौत के 5 दिन बाद भी ट्विशा का अंतिम संस्कार नहीं हो सका है, जिससे मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
दरअसल 12 मई को ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मृतका के परिजनों ने सास और पति पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि मामले में सख्त धाराएं नहीं लगाई गईं, जिससे वे नाराज हैं। हालांकि पुलिस ने सास और पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि पति की जमानत याचिका पर कल सुनवाई होनी है।
इधर ट्विशा का शव अब तक भोपाल एम्स की मर्चुरी में रखा हुआ है। परिजन अभी अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हैं। पुलिस अब परिवार को नोटिस देने की तैयारी में है, ताकि शव लेकर अंतिम संस्कार किया जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने 6 सदस्यीय एसआईटी बनाई है। इस टीम की कमान एसीपी रजनीश कश्यप को सौंपी गई है। टीम में कटारा हिल्स टीआई सुनील दुबे, सब इंस्पेक्टर वासुदेव सविता, सब इंस्पेक्टर संजय दुबे समेत अन्य अधिकारी शामिल किए गए हैं, जो अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेंगे।

