एमपी कांग्रेस का ‘यूथ मिशन’, युवा वोटर्स पर फोकस

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने मिशन 2028 को लेकर बड़ा दांव खेलना शुरू कर दिया है। पार्टी अब युवा वोटर्स के सहारे सत्ता की राह तलाशने में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की मौजूदगी में करीब 5 घंटे तक मंथन चला, जिसमें कांग्रेस के कई युवा नेताओं और विधायकों ने हिस्सा लिया।

बैठक में खास तौर पर प्रदेश के 40 फीसदी युवा वोटर्स को टारगेट करने की रणनीति तैयार की गई। कांग्रेस का फोकस अब युवाओं को पार्टी से जोड़ने और नए युवा चेहरों को आगे लाने पर रहेगा। बताया गया कि अलग-अलग संभागों और समाजों से आने वाले युवा नेताओं के साथ लगातार बैठकें की जाएंगी, ताकि युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सके।

बैठक के दौरान जीतू पटवारी ने सभी नेताओं से वन टू वन फीडबैक लिया और संगठन को युवाओं के बीच मजबूत बनाने पर चर्चा की। कांग्रेस अब हर संभाग से ऐसे युवा चेहरों को आगे लाने की तैयारी कर रही है, जो जनता के मुद्दों पर सक्रिय रूप से लड़ाई लड़ रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक अगले 10 दिनों में एक और बड़ी बैठक होगी। इसमें यह तय किया जाएगा कि युवाओं के किन मुद्दों को किस तरीके से प्रदेशभर में उठाया जाए। इस बैठक में विधायक जयवर्धन सिंह, हेमंत कटारे, हनी बघेल, महेश परमार, नितेंद्र सिंह राठौर, सिद्धार्थ कुशवाह, अभिजीत शाह समेत कई युवा नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *