अवैध कफ सिरप का गढ़ बनती राजधानी! STF का बड़ा एक्शन, 50 लाख की नशीली सिरप जब्त

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार किया गया है। एसटीएफ ने मुबारकपुर एयरपोर्ट रोड इलाके में छापेमारी कर करीब 50 लाख रुपये कीमत की अवैध कफ सिरप बरामद की है। जब्त की गई खेप में ऑफ-कफ और ऑनरेक्स ब्रांड की बड़ी मात्रा शामिल बताई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर भोपाल में नशीली दवाओं के नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक एसटीएफ लंबे समय से अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर नजर बनाए हुए थी। इसी अभियान के तहत की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में कफ सिरप बरामद हुई है। फिलहाल जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी एसटीएफ ने गांधी नगर क्षेत्र के पटेल सिटी स्थित एक किराए के मकान पर दबिश देकर डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक कीमत की अवैध कफ सिरप और उससे जुड़ी मशीनें जब्त की थीं। उस दौरान 700 से ज्यादा पेटियां बरामद हुई थीं और 10 लोगों को हिरासत में लिया गया था।

सूत्रों के अनुसार हाल ही में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर यह नई कार्रवाई की गई है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर भोपाल में नशीली कफ सिरप का इतना बड़ा नेटवर्क कौन संचालित कर रहा है और इसके तार कहां-कहां तक जुड़े हुए हैं। फिलहाल एसटीएफ की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *