महाकाल की शरण में पहुंचे मधुर भंडारकर! जय भानुशाली और आरती सिंह के साथ की भस्म आरती, बाबा का लिया आशीर्वाद

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार तड़के एक खास नजारा देखने को मिला, जब प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर, अभिनेता जय भानुशाली और अभिनेत्री आरती सिंह बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने उज्जैन पहुंचे। तीनों कलाकारों ने अल सुबह महाकाल मंदिर पहुंचकर भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए और भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।

तड़के करीब 3 बजे मंदिर पहुंचे मधुर भंडारकर, जय भानुशाली और आरती सिंह नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती में शामिल हुए। आरती के दौरान तीनों पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करते नजर आए। करीब दो घंटे तक चले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के बाद उन्होंने नंदी महाराज का पूजन-अभिषेक किया और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं।

भस्म आरती के पश्चात तीनों ने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित किया और विधि-विधान से दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सम्मान भी किया गया।

दर्शन के बाद फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वे पिछले 20 से 22 वर्षों से लगातार महाकाल मंदिर आते रहे हैं और बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार लंबे समय बाद भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिला, जिससे उन्हें बेहद संतुष्टि और आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि महाकाल लोक और कॉरिडोर बनने के बाद मंदिर परिसर में काफी सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और पूरा क्षेत्र पहले से कहीं अधिक भव्य नजर आता है।

वहीं अभिनेता जय भानुशाली ने बताया कि अभिनेत्री आरती सिंह उनकी अच्छी मित्र हैं और उन्हीं के आग्रह पर वे पहली बार महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने उज्जैन आए हैं। जय ने कहा कि आरती हमेशा उनसे कहती थीं कि जो व्यक्ति बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन करता है, उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं। यही वजह है कि वे यहां पहुंचे और इस दिव्य अनुभव का हिस्सा बने।

महाकाल की नगरी उज्जैन में फिल्मी सितारों की इस आध्यात्मिक यात्रा ने श्रद्धालुओं के बीच भी खास उत्साह पैदा कर दिया। बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे इन कलाकारों की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *