ट्विशा शर्मा मर्डर मिस्ट्री: FIR के बाद भी 3 दिन भोपाल में छिपा रहा आरोपी, CBI की जांच में बड़े खुलासे

भोपाल। भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई जांच के दौरान लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल केस में अब आरोपी समर्थ की फरारी को लेकर ऐसी जानकारी मिली है, जिसने जांच एजेंसी को कई नए सुराग दे दिए हैं। सीबीआई अब पूरे घटनाक्रम की परत-दर-परत जांच कर रही है और हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है।

जांच में सामने आया है कि 15 मई को एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपी समर्थ तुरंत भोपाल से नहीं भागा था। वह करीब तीन दिनों तक राजधानी में ही अलग-अलग जगहों पर छिपा रहा। इसके बाद वह जबलपुर पहुंचा, जहां उसने लगभग पांच दिन तक खुद को छिपाए रखा। अब सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान उसे किसने मदद पहुंचाई, किन लोगों के संपर्क में वह रहा और उसे शरण किसने दी।

मामले की तह तक पहुंचने के लिए सीबीआई ने उस डॉक्टर से भी पूछताछ की तैयारी की है, जिसने ट्विशा को गर्भपात की सलाह दी थी। जांच एजेंसी यह भी खंगाल रही है कि ट्विशा का शव सबसे पहले किसने देखा, उसे फंदे से किसने नीचे उतारा और अस्पताल तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया क्या रही। इन सभी घटनाओं की विस्तृत टाइमलाइन तैयार की जा रही है ताकि किसी भी अहम तथ्य को नजरअंदाज न किया जाए।

वहीं आरोपी समर्थ लगातार यह दावा कर रहा है कि ट्विशा ने आत्महत्या की थी, लेकिन जब उससे आत्महत्या के कारणों को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं तो वह कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा है। उसके बयानों में सामने आ रहे विरोधाभासों ने जांच को और भी संवेदनशील बना दिया है।

सूत्रों के मुताबिक सीबीआई अब क्राइम सीन का री-क्रिएशन और डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करने की तैयारी में है। एजेंसी का मकसद यह पता लगाना है कि ट्विशा की मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और क्या इस पूरे मामले में किसी बड़ी साजिश की भूमिका रही है। फिलहाल सीबीआई हर एंगल से जांच कर रही है और इस केस के कई अहम राज जल्द सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *