MP राज्यसभा चुनाव: उम्मीदवार बनते ही कमलनाथ से मिलीं मीनाक्षी नटराजन, कांग्रेस ने विधायकों को किया अलर्ट, क्रॉस वोटिंग रोकने पर फोकस

भोपाल। मध्यप्रदेश में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जिसके बाद अब चुनावी रणनीति और विधायकों को एकजुट रखने की कवायद शुरू हो गई है। इसी बीच कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने दिल्ली पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की और चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

उम्मीदवार घोषित होने के बाद मीनाक्षी नटराजन सीधे कमलनाथ के दिल्ली स्थित आवास पहुंचीं। इस मुलाकात को कांग्रेस के भीतर समन्वय और चुनावी तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी ने कमलनाथ से आगामी चुनाव को लेकर मार्गदर्शन लिया और संगठन की मजबूती पर भी चर्चा की।

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने भोपाल में विधायक दल की अहम बैठक बुलाई है। राज्यसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने सभी विधायकों की मौजूदगी अनिवार्य कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ इस बैठक में शामिल नहीं हो सकते हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व की नजर पूरी तरह विधायकों की एकजुटता पर बनी हुई है।

कांग्रेस आलाकमान ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनाव में किसी भी तरह की क्रॉस वोटिंग की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। इसी वजह से पार्टी अपने सभी विधायकों को एकजुट रखने और मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराने में जुटी हुई है। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस का लक्ष्य राज्यसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के पक्ष में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है। इसी रणनीति के तहत विधायकों को संगठनात्मक अनुशासन, चुनावी प्रक्रिया और एकजुटता का संदेश दिया जाएगा, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की राजनीतिक चूक की संभावना न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *