जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी को अपना शिकार बनाते हुए उनके बैंक खाते से 2 लाख 62 हजार रुपये उड़ा लिए। हैरानी की बात यह है कि ठगी की यह पूरी वारदात सिर्फ एक लिंक पर क्लिक करने के बाद अंजाम दी गई। पीड़ित आबकारी विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और लार्डगंज थाना क्षेत्र की यादव कॉलोनी में रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए नया क्रेडिट कार्ड बनवाने का आकर्षक ऑफर दिया। ठग ने बेहद भरोसेमंद अंदाज में बातचीत की और क्रेडिट कार्ड की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक भेज दिया।
रिटायर्ड कर्मचारी जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रकम कटने के लगातार मैसेज आने लगे। कुछ ही मिनटों में उनके खाते से कुल 2 लाख 62 हजार रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए निकाल लिए गए। अचानक इतनी बड़ी रकम गायब होने से पीड़ित के होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क कर अपना खाता ब्लॉक कराया और लार्डगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम अब उस मोबाइल नंबर और बैंक खातों की पड़ताल कर रही है, जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई।
इस घटना के बाद पुलिस ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर मोबाइल पर आए लिंक पर क्लिक न करें। क्रेडिट कार्ड, लोन, इनाम या केवाईसी अपडेट के नाम पर आने वाले कॉल्स से सावधान रहें और किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, बैंक डिटेल या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। एक छोटी सी लापरवाही आपकी जीवनभर की कमाई पर भारी पड़ सकती है।

