पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर महाकाल के दरबार में विशेष पूजा, भाजपा नेताओं ने किया 108 जाप

उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनने पर बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और देश की प्रगति तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

महाकाल मंदिर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रीय सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बाल योगी उमेश नाथ महाराज, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और निगम अध्यक्ष कलावती यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने विधि-विधान के साथ बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इसी भावना के साथ महाकाल के दरबार में प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए 108 जाप का विशेष आयोजन किया गया। साथ ही देश की उन्नति, विकास और नागरिकों के कल्याण के लिए भी विशेष प्रार्थना की गई।

पूजन कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें भी नजर आईं। महाकाल मंदिर परिसर में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे लगाए और भारत माता के जयकारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया।

भाजपा नेताओं का कहना था कि बीते 12 वर्षों में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना के विकास और डिजिटल क्षेत्र में हुए बदलावों को उन्होंने इस अवधि की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में बताया। नेताओं ने कहा कि इन्हीं उपलब्धियों के प्रति आभार व्यक्त करने और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना के लिए कार्यकर्ता बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे थे।

उज्जैन में आयोजित यह विशेष धार्मिक कार्यक्रम राजनीतिक और आध्यात्मिक आस्था का अनूठा संगम बनकर सामने आया, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक साथ राष्ट्रहित, जनकल्याण और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *