नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम की खूबसूरत वादियां, पवित्र घाट और यहां की प्रतिभाएं अब बड़े पर्दे पर अपनी अलग पहचान बनाने जा रही हैं। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म को लेकर नर्मदापुरम में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म के मुख्य अभिनेता शरद सिंह ने इससे जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। फिल्म का प्रदर्शन स्थानीय मीनाक्षी सिनेमाघर में भी किया जाएगा।
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी पूरी शूटिंग नर्मदापुरम के वास्तविक घाटों, प्राकृतिक वादियों और आसपास के इलाकों में की गई है। फिल्म के जरिए न सिर्फ मां नर्मदा के आसपास के सामाजिक परिवेश और संस्कृति को दर्शाने का प्रयास किया गया है, बल्कि स्थानीय कलाकारों को भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। फिल्म में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के कलाकारों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के स्थानीय थिएटर कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार और आकर्षक है। मध्य प्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद इस फिल्म में सब-इंस्पेक्टर नर्मदा रायकवार की मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। वहीं दिग्गज अभिनेता रघुवीर यादव नंदकिशोर रायकवार और वरिष्ठ अभिनेत्री जरीना वहाब सुधा रायकवार के सशक्त किरदारों में दिखाई देंगी।
अभिनेत्री अश्विनी कालसेकर फिल्म में अग्नि धुर्वे नाम की एक आदिवासी महिला का किरदार निभा रही हैं, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए व्यवस्था से संघर्ष करती दिखाई देगी। अभिनेता मुकेश तिवारी भी एक महत्वपूर्ण और नकारात्मक भूमिका में नजर आएंगे, जो कहानी में नया मोड़ लेकर आएगी।
नर्मदापुरम के निवासी और स्थानीय कलाकार शरद सिंह फिल्म में लापता पुलिस इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भदौरिया की रहस्यमयी भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार कहानी के सस्पेंस को और मजबूत बनाता है। इसके अलावा अभिनेता इश्तियाक खान फिल्म में ‘निशा’ नाम के ट्रांसजेंडर विलेन की चुनौतीपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे, जबकि अंजलि पाटिल गुलाब सिंह के प्रभावशाली किरदार को पर्दे पर जीवंत करेंगी।
अपने शहर के कलाकारों और नर्मदापुरम के प्रसिद्ध घाटों को बड़े पर्दे पर देखने के लिए स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ‘द नर्मदा स्टोरी’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि नर्मदापुरम की संस्कृति, प्रतिभा और पहचान को देशभर तक पहुंचाने का एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। अब सभी की नजरें 12 जून पर टिकी हैं, जब यह फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देकर दर्शकों के बीच अपनी कहानी बयां करेगी।

