Bihar Elections 2025: बिहार चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे नेताओं के बीच जुबानी जंग भी और ज़्यादा तीखी होती जा रही है। दरभंगा में एक जनसभा के दौरान विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के सुप्रीमो मुकेश सहनी ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी के बयान पर ऐसा पलटवार किया कि अब पूरा सियासी गलियारा गूंज उठा है।
दरअसल, मनोज तिवारी ने हाल ही में तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा था — “तेजस्वी के पास 56 इंच की ज़ुबान है, लेकिन हमारे पास 56 इंच का सीना।” उन्होंने तेजस्वी को जंगलराज और नौकरी के बदले ज़मीन घोटाले से जोड़ते हुए ताना मारा था।
और अब इसी बयान पर मुकेश सहनी ने जवाब दिया — “इनका सीना नहीं, ज़ुबान 112 इंच की है। बोलने में तो माहिर हैं, लेकिन जब काम की बात आती है तो सिर्फ झूठे वादे और दिखावा करते हैं।” सहनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सीधा निशाना साधते हुए कहा — “2014 में जो वादे किए गए थे, उनमें से क्या पूरा हुआ? देश की जनता अब समझ चुकी है कि बीजेपी सिर्फ बोलती ज़्यादा है, करती कम।”
सहनी यहीं नहीं रुके — उन्होंने ग़रीबी और बेरोज़गारी के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा — “देश के लोगों को 5 किलो अनाज के लिए लाइन में लगा दिया गया है। जब भारत आज़ाद हुआ था तब भी जनता इस हालत में नहीं थी। ये विकास नहीं, बल्कि जनता की मजबूरी का मज़ाक है।”
वीआईपी सुप्रीमो ने जनता से अपील करते हुए कहा कि उनकी पार्टी सिर्फ बोलती नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों पर काम करती है। “हमने हमेशा वंचितों और पिछड़ों की आवाज़ उठाई है। सत्ता में रहते हुए भी संघर्ष जारी रखा और अब चुनाव में जनता के हक़ की लड़ाई और तेज़ होगी।”
मुकेश सहनी ने बताया कि इस बार विकासशील इंसान पार्टी बिहार की 15 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिनमें से तीन सीटें दरभंगा जिले में हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा — “जनता के बीच जाइए, उन्हें बीजेपी की झूठी उपलब्धियों का सच बताइए। इस बार बिहार बदलाव के मूड में है और महागठबंधन की जीत तय है।”
अंत में सहनी ने कहा — “जो लोग खुद झूठ के सहारे सत्ता में बैठे हैं, उन्हें अब जनता जवाब देने को तैयार है। अब बिहार में सिर्फ भाषण नहीं, बदलाव की लहर उठने वाली है।”

