लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास पर रात 9 बजे आयोजित होने वाली इस हाई लेवल बैठक में आगामी आयोजनों, त्योहारों और प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों का विस्तृत आकलन किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, मोहर्रम और नीट परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष चर्चा होगी। मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी जिलों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर सकते हैं। माना जा रहा है कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।
प्रदेश में आने वाले दिनों में धार्मिक आयोजन और बड़ी परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता कानून व्यवस्था को बनाए रखने और आम जनता के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की होगी। मुख्यमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों से जमीनी स्तर की तैयारियों की जानकारी भी लेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त निर्देश दे सकते हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एडीजी, आईजी, डीआईजी और पुलिस कप्तान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। इसके अलावा अपर मुख्य सचिव गृह और डीजीपी लखनऊ से बैठक में मौजूद रहेंगे।
सिर्फ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, बल्कि नगर निगमों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भी बैठक में शामिल किया गया है। नगर आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कृषि विभाग, वन विभाग, ऊर्जा विभाग, पर्यटन विभाग, आयुष विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारी भी बैठक का हिस्सा बनेंगे।
ऐसे में सीएम योगी की यह समीक्षा बैठक प्रदेश की कानून व्यवस्था, त्योहारों की तैयारियों और परीक्षा प्रबंधन को लेकर बेहद अहम मानी जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि मुख्यमंत्री अधिकारियों को कौन-कौन से नए निर्देश देते हैं और आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए क्या रणनीति तैयार की जाती है।

