स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल! एंबुलेंस नहीं मिली तो घर में हुई डिलीवरी, खटिया पर लिटाकर नदी पार ले जानी पड़ी महिला

अमरवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत बयां करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। अमरवाड़ा विकासखंड के ग्राम हथोड़ा के लोहरी मोहल्ला में सड़क और एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने एक गर्भवती महिला को भारी परेशानी में डाल दिया। समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने के कारण महिला की घर पर ही डिलीवरी करानी पड़ी। इसके बाद नवजात और जच्चा को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने महिला को खटिया पर लिटाया और नदी पार कराई। फिर बाइक के जरिए अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि लोहरी मोहल्ले में करीब 20 परिवार रहते हैं, लेकिन आज तक वहां तक सड़क और एंबुलेंस जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं पहुंच सकीं। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को नदी पार करने के लिए खटिया का सहारा लेना पड़ता है। यही वजह रही कि प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद भी महिला को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका और घर पर ही बच्चे का जन्म हुआ।

महिला और नवजात की हालत को देखते हुए गांव के युवाओं ने तुरंत जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने महिला को खटिया पर लिटाकर नदी पार कराई और फिर मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से नदी पर पुल और सड़क बनाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गांव के स्कूली बच्चों को भी हर दिन नदी पार करके स्कूल जाना पड़ता है, जबकि बरसात के मौसम में हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि पूरे इलाके की समस्या है। वर्षों से पुल और सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं कब मिलेंगी और ऐसी घटनाओं की जिम्मेदारी कौन लेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *