BJP विधायक के बेटे की शादी में पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नवदंपति को दिया आशीर्वाद, यादव समाज ने सौंपा ज्ञापन

बुधनी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को बुधनी पहुंचे, जहां उनका जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ट्राइडेंट कंपनी के हेलीपैड पर गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई थीं।

हेलीपैड से आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री ट्राइडेंट कंपनी के मुख्य द्वार पहुंचे, जहां यादव समाज के लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और बाबा महाकाल का स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने बुधनी में यादव समाज की धर्मशाला निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा।

इसके बाद मुख्यमंत्री नर्मदापुरम स्थित एक मैरिज पैलेस पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा विधायक ठाकुरदास नागवंशी के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों और उपस्थित लोगों से भी मुलाकात की तथा नवदंपति के सुखद और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।

विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीकॉप्टर से बुधनी से भोपाल के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *