खजुराहो। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के खजुराहो थाना परिसर से एक बेहद भावुक घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां एक बालिग युवती ने परिवार की लाख कोशिशों के बावजूद अपने प्रेमी, जिसे वह अपना पति बता रही है, के साथ जाने का फैसला किया। इस दौरान मां और भाई हाथ जोड़कर उसे रोकते रहे, लेकिन युवती अपने निर्णय पर कायम रही।
जानकारी के मुताबिक राजनगर थाना क्षेत्र के भवुआ तालगांव की रहने वाली ज्योति अहिरवार ने नायगांव निवासी देवेंद्र से प्रेम विवाह किया है। शादी के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद के चलते बयान दर्ज कराने के लिए वे खजुराहो थाना पहुंचे थे। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब सभी लोग थाना परिसर से बाहर निकले, तब वहां भावनाओं से भरा एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला।
वायरल वीडियो में युवती का भाई रोते हुए उसका हाथ पकड़कर घर लौटने की गुहार लगाता दिखाई देता है। वहीं उसकी मां भी हाथ जोड़कर बेटी से वापस आने की मिन्नतें करती नजर आती है। दूसरी ओर देवेंद्र बाइक पर बैठा युवती का इंतजार कर रहा था और उसे अपने साथ चलने के लिए कह रहा था।
परिवार की भावुक अपील और आंसुओं के बावजूद ज्योति ने अपना फैसला नहीं बदला। उसने अपने भाई का हाथ छुड़ाया और प्रेमी की बाइक पर बैठकर वहां से रवाना हो गई।
बेटी के जाते ही मां और भाई थाना परिसर में ही एक-दूसरे से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगे। वहां मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोगों ने दोनों को संभालने और समझाने की कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

