राज्यपाल से मिले CM डॉ. मोहन यादव! UCC से लेकर रोजगार और निवेश तक कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल स्थित लोकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी को लेकर अब तक मिली जनभागीदारी, आगामी कार्ययोजना और सरकार की तैयारियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि यूसीसी को लेकर प्रदेशभर से 9 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने राज्यपाल मंगुभाई पटेल को इस प्रक्रिया में मिले व्यापक जनसमर्थन और आगे की रणनीति से भी अवगत कराया।

बैठक में सिर्फ यूसीसी ही नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति, गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के दौरान प्रस्तावित शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों और किसानों को मिलने वाले लाभों की भी जानकारी साझा की।

इसके अलावा प्रदेश की चार कृषि उपजों को मिले जीआई टैग, सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, एमएसएमई और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की योजनाओं, औद्योगिक निवेश बढ़ाने के प्रयासों और रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न कार्यों पर भी मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास, निवेश बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए लगातार काम कर रही है और इसी दिशा में कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से अमल किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *