उज्जैन। उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ-2028 को इस बार पहले से कहीं ज्यादा हाईटेक और सुव्यवस्थित बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन आधुनिक तकनीक का सहारा ले रहा है। इस बार भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और ड्रोन की अहम भूमिका रहने वाली है।
उज्जैन रेंज के एडीजी राकेश गुप्ता ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान आने वाले लाखों वाहनों के लिए करीब 3000 हेक्टेयर क्षेत्र में विशाल पार्किंग विकसित की जा रही है। उनका कहना है कि केवल पार्किंग तैयार करना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि वाहनों का सुचारु संचालन और ट्रैफिक मैनेजमेंट भी सबसे बड़ी चुनौती होगी, जिसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सिंहस्थ-2028 में AI आधारित निगरानी प्रणाली का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। आई-ट्रिपल-सी यानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुड़े AI टूल्स के जरिए हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी, जिससे किसी भी संभावित समस्या का समय रहते पता लगाकर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इसके साथ ही बड़ी संख्या में ड्रोन भी तैनात किए जाएंगे, जो भीड़, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की रियल टाइम निगरानी करेंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा का अनुभव मिले, ताकि सिंहस्थ-2028 आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन का एक नया उदाहरण बन सके।

