शिवपुरी में छात्राओं का पावर शो! चार दिन से बिजली गुल, नाराज बेटियों ने किया चक्काजाम, विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन

 शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा में बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। ग्रामीण इलाकों के बाद अब शहर में भी बिजली और पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। पिछोर की पाल कॉलोनी में रहने वाली छात्राएं लगातार चार दिनों से बिजली नहीं आने से नाराज होकर देर रात सड़क पर उतर आईं और बिजली विभाग के कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही छात्रा प्रियंका लोधी ने आरोप लगाया कि वे समय पर बिजली का बिल जमा करती हैं और उनका बिल बकाया होने के बजाय माइनस में है। इसके बावजूद पिछले चार दिनों से इलाके में बिजली पूरी तरह बंद है। छात्राओं का कहना है कि अंधेरे की वजह से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रोजमर्रा के काम भी ठप पड़ गए हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद जब बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शन कर रही छात्राओं से बातचीत की और उनकी समस्या को गंभीरता से सुनते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस की पहल के बाद थाना प्रभारी ने मौके से ही बिजली विभाग के अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों से संपर्क किया। इसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिजली की खराबी दूर करने का काम शुरू किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और सड़क पर यातायात फिर से सामान्य हो गया।

बताया जा रहा है कि पिछोर क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कुछ दिन पहले स्थानीय महिलाओं ने भी क्षेत्रीय विधायक प्रीतम लोधी से इस समस्या के समाधान की मांग की थी। लेकिन लोगों का आरोप है कि शिकायतों और आश्वासनों के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। अब लगातार बढ़ती परेशानी के कारण आम लोगों के साथ-साथ छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *